रांची। बुधवार को झारखंड में बीस नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। वहीं रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती एक दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बुधवार को हजारीबाग से आठ, जमशेदपुर से तीन और चाईबासा से एक ,रामगढ़ से चार, कोडरमा से दो और रांची से एक और लातेहार से एक कुल बीस मरीजों की पुष्टि हुई। जिसके बाद झारखंड में संक्रमितों की कुल संख्या 448 हो गयी है।
वहीं राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती एक बच्चे की मौत बुधवार को हो गयी। जानकारी के अनुसार 2 साल का यह बच्चा हिंदपीढ़ी का रहने वाला था। कोरोना का संदेह होने पर उसे कल ही रिम्स में भर्ती कराया गया था. उसका सैंपल जांच के लिए गया हुआ है। रिपोर्ट आना बाकी है। इसलिये बच्चे के शव को परिजनों को नहीं सौंपा गया है। कोरोना जांच रिपोर्ट आने को बाद ही बच्चे का शाव परिजनों को सौंपा जायेगा।
आज जिन मरीजों की पुष्टि हुई है उनमें हजारीबाग से आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। जिनमें से सदर प्रखंड और बरकट्ठा 2-2 और कटकमसांडी से 1 मरीज शामिल हैं। अन्य तीन भी प्रवासी श्रमिक हैं। जमशेदपुर से निकले तीनों मरीज प्रोफेशनल कालेज सिदगोडा में क्वारांटीन थे तीनों मरीज को टीएमएच लाया गया है। इन तमाम लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री है जो महाराष्ट्र , सूरत व अन्य राज्यों से लौटें हैं।
बता दें कि मंगलवार को कुल 31 मरीजों की पुष्टि हुई थी. जिनमें गुमला से 6, पश्चिमी सिंहभूम 4, हजारीबाग से 3, गढ़वा से 3, धनबाद से 3, पलामू से 2, लोहरदगा 2, जमशेदपुर 3 और कोडरमा से 2 और खूंटी से 2 मरीज शामिल थे. वहीं एक मृत प्रवासी मजदूर का भी रिपोर्ट पॉजिटिव आया था।