पटना। बिहार के भागलपुर में गंगा नदी में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 50 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 20 लोग अभी लातपा है। वहीं, एक महिला का शव नदी से बाहर निकाला गया है। जानकारी के अनुसार यह हादसा भागलपुर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के नवगछिया के गोपालपुर तीन टंगा जहाज घाट के पास घटित हुआ।
मजदूर और किसान गंगा नदी के उस पार मकई की बुवाई के लिए नाव से जा रहे थे। नाव में 50 लोग सवार थे। इस दौरान नाव पलट गई। नाव पलटने के तुरंत बाद ही स्थानीय लोग डूब रहे लोगों की जान बचाने में जुट गए। वहीं गोताखोरों ने करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे की जानकारी होने के बाद पुलिस के अलावा जिला प्रशासन की टीम वहां पर पहुंची और राहत बचाव का कार्य शुरू किया। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है। स्थानीय लोगों की मदद से एनडीआरएफ के जवान बचाव कार्य कर रहे हैं। फिलहाल 20 लोग लापता हैं। नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को एहतियातन गोपालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस हादसे से अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है।