अमृतसर: गांव वरपाल में खूंखार आवारा कुत्तों ने दो साल के बच्चे को नोंच डाला। बच्चे के शरीर पर इतने जख्म हो गए थे कि उसकी मौत हो गई। बच्चा अपने परिवार का इकलौता बेटा था। मृतक बच्चे के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार शाम 5:30 बजे गुरसानदीप सिंह अपने खिलौने ट्रैक्टर के साथ खल रहा था। खेलते खेलते बच्चा घर से बाहर चला गया। बच्चा गली में पहुंचा तो वहां आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे को बचने का मौका ही नहीं मिला। बच्चे को कुत्तों का झुंड घसीटते हुए ले गया।
बच्चा रोता रहा लेकिन किसी ने उसकी आवाज न सुनी। थोड़ी देर बाद जब परिजनों ने गुरसानदीप सिंह की तलाश की तो उन्हें बच्चा नहीं मिला। काफी तलाश के बाद बच्चा खेत में मिला जहां उसके सिर, नाक और आंखों से खून बह रहा था। बच्चे की हालत देखकर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। इससे पहले कि बच्चे को अस्पताल ले जाया जाता बच्चे की मौत हो चुकी है। गुरसानदीप सिंह मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से गांव में शोक व्याप्त हो गया।