लखनऊ। नागरिकता कानून को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को दंगों से फायदा होता है। ये लोग सरकार में हैं और अब वही लोग दंगे फैला रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा इस कानून का विरोध करती है।
उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं पर बवाल भड़काने के आरोपों पर कहा कि हमने नागरिकता कानून का विरोध किया है। हमने कोई तोड़फोड़ नहीं की। भाजपा के इशारे पर दंगे भड़काए जा रहे हैं। इसके साथ ही वीडियो और फोटो के जरिए हो रही गिरफ्तारी पर भी उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें पुलिस खुद तोड़फोड़ कर रही है। उनका आरोप है कि यह सब बीजेपी के इशारों पर हो रहा है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा है कि सरकार ने माहौल बिगाड़ा है। रोजगार नहीं दे सकते तो माहौल खराब कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा है कि सरकार ने शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाया लेकिन जनता लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ी रहेगा।