नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान तालकटोरा स्टेडियम में हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार यहां पर बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि, आज का ये दृश्य बता रहा है कि फरवरी के अंत में दिल्ली में किसकी सरकार बनने वाली है।
मैं मीडिया के मित्रों से कहना चाहता हूं कि ये जनता नहीं है, इतनी बड़ी संख्या में ये बूथ के चुनिंदा कार्यकर्ता हैं। केजरीवाल सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जनता को कोई झांसा सिर्फ एक बार दे सकता है, बार-बार नहीं दे सकता। एक बार केजरीवाज जी ने झांसा दे दिया। उसके बाद नगर निगम के चुनाव हुए तो आप पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। लोकसभा के चुनाव हुए तो आप पार्टी का सूपड़ा साफ हुआ और भाजपा का झंडा लहराया।
अभी-अभी प्रधानमंत्री जी CAA को लेकर आएं। CAA को कैबिनेट ने मंजूरी दी लोकसभा ने पारित किया और केजरीवाल, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने विशेषकर जनता का गुमराह किया और दंगे करवाने का काम किया है: श्री @AmitShah #DelhiWithBJP pic.twitter.com/Az06GdeEx5
— BJP (@BJP4India) January 5, 2020
उन्होंने कहा कि, बाकी पार्टियों के लिए चुनाव सत्ता प्राप्त करने का साधन हो सकता है। लेकिन भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है। हम मानते हैं कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है। भाजपा कार्यकर्ताओं के पास मौका है कि दिल्ली के घर-घर में जाकर हमारी नीतियां जनता तक पहुंचाने का काम करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, भाजपा को चुनाव सभाओं से नहीं लड़ना है, बल्कि घर-घर जाकर लड़ना है। मौहल्ला मीटिंग करके लड़ना है। इस मौहल्ला मीटिंग की शुरुआत मैं ही करने जा रहा हूं।
केजरीवाल पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वह अखबारों में अपनी फोटो वाला विज्ञापन देकर बधाई दे रहे हैं। लेकिन उन्होंने कौन सा काम पूरा कर लिया, ये तो बतायें। 5 साल सरकार चलाने के बाद आप अब कामों को शुरु कर रहे हैं। हमने कहा था कि दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करेंगे। नरेन्द्र मोदी जी ने अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने की शुरुआत कर दी है। सीएए को लेकर शाह ने कहा कि कैबिनेट ने मंजूरी दी लोकसभा ने पारित किया और केजरीवाल, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने विशेषकर जनता का गुमराह किया और दंगे करवाने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि विपक्षी कहता है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार नहीं होते। केजरीवाल, राहुल-सोनिया गांधी जी आंख खोलकर देख लो, बीते दिनों ही ननकाना साहिब जैसे पवित्र स्थल पर हमला करके सिख भाइयों को आतंकित करने का काम पाकिस्तान ने किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने राम जन्मभूमि के मामले को बहुत वर्षों से रोककर रखा था, कोर्ट में इसका विरोध करते थे। सुप्रीम कोर्ट ने अब फैसला दिया है कि राम जन्मभूमि पर मंदिर बनना चाहिए, ये देश के करोड़ लोगों की इच्छा थी।