रांची। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को झारखण्ड में बीजेपी की चुनावी सभा की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने राज्य की जनता से कहा कि आपका वोट राज्य के विकास के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की भूमि भगवान बिसरामुडा की भूमि है, वीर नीलांबर-पीतांबर की भूमि है। इस भूमि ने हमेशा देश के लिए मरने वाले वीरों को देश को समर्पित करने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि सन् 1857 की क्रांति में अंग्रजों के खिलाफ जब पूरा देश लड़ रहा था तब सबसे बड़ी लड़ाई पलामू के लोगों ने लड़ी थी। यहां की जन-जातियों ने खुलकर हिस्सा लिया और 1958 तक क्रांति की मशाल को जलाए रखा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 30 तारीख को आपका एक वोट तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी।
बता दें कि इस रैली के बाद अमित शाह लोहरदगा पहुंचेंगे और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में सभा करेंगे। लोहरदगा की सभा के बाद रांची पहुंचेंगे और दिल्ली लौट जाएंगे। इससे पहले नेताओं की चुनावी सभा में सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष पर प्रहार का नमूना बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास का बेरमो में प्रत्याशी के नामांकन मौके पर आयोजित कार्यक्रम में देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धि और डबल इंजन की चर्चा की तो झामुमो के शिबू सोरेन और कांग्रेस के राजेंद्र सिंह के शासन का जिक्र करना नहीं भूले।