नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपना ‘लोगो’ यानी प्रतीक चिन्ह जारी किया है। ये प्रतीक चिन्ह भगवान श्रीराम की सूर्यवंशी परंपरा को ध्यान में रख कर तैयार किया गया है। Logo में वाल्मीकि रामायण की एक चौपाई भी लिखी गई है- ‘रामो विग्रहवान धर्म:’। इसका मतलब ये हुआ कि भगवान श्री राम धर्म के मूर्त स्वरूप है।
भगवान श्री राम सूर्यवंशी राजा थे, इसलिए इस Logo में सूर्यवंश के प्रतीक रंगों का भी इस्तेमाल किया गया है। तस्वीर में लाल और पीले रंग की लपटें दिखाई पड़ रही हैं, जिसे सूर्य का प्रतीक माना जाता है। ये रंग सूर्यवंशी राजाओं की पहचान माने जाते हैं।
ट्रस्ट के Logo में भगवान श्रीराम की तस्वीर के ठीक नीचे हनुमान जी दोनों तरफ़ बैठे हैं, क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा तो उसकी रक्षा हनुमान जी को ही करनी है। आज भी अयोध्या में ये माना जाता है कि रामनगरी की रक्षा बजरंग बली ही करते हैं। इसीलिए हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद ही राम जन्मभूमि के दर्शन करने लोग जाते हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने कहा कि ये भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को बताने वाला Logo है। ये तस्वीर हमने अभी ट्रस्ट के आधिकारिक कामकाज के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
आपको बता दें कि राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक 4 अप्रैल को प्रस्तावित थी लेकिन कोरोना वायरस के चलते ट्रस्ट की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया गया है।