चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने हरियाणा के उप खेल निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र खेल विभाग के प्रधान सचिव को भेजा है। हालांकि, अपने त्यागपत्र में उन्होंने कोई कारण नहीं बताया है। बता दें कि, बबीता को कुछ दिन पहले इस पद पर नियुक्त किया गया था।
इस पर कुछ पूर्व खिलाडि़यों ने सवाल उठाए थे। बबीता ने भाजपा के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था। गौरतलब है कि बबीता फोगाट अपने बयानों और ट्वीट के कारण अक्सर चर्चाओं में रहती हैं।
पहले हरियाणा सरकार से टकराव के बाद बबीता फोगाट ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनको इस चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह अपने ट्वीट और सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर चर्चाओं में रहीं।