लखनऊ। यूपी के बहराइच जिले में एक महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने उसके चेहरे को तेज़ाब से जला दिया। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे ग्राम प्रधान ने युवती के शव को कपड़े से ढका। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना से क्षेत्र के लोग विचलित हैं। सूचना पाकर पुलिस के उच्चाधिकारी और मूर्तिहा कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब छह बजे नौबना गांव के ग्रामीणों ने आबादी से सटे जंगल में महिला का शव निर्वस्त्र हालत में देखा। शव को देख कर ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुर्तिहा कोतवाली पुलिस को दी। महिला का शव पूरी तरह निर्वस्त्र था। ग्रामीणों के अनुसार गले में कपड़ा बंधा हुआ था। शायद इसी कपड़े से उसका गला घोंटे जाने का अनुमान है। इसके अलावा हत्यारों ने महिला के चेहरे पर तेजाब भी डाला था। जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
वारदात की सूचना पाकर एसपी डॉ गौरव ग्रोवर, एएसपी रविन्द्र, सीओ नानपारा अरुण चंद्र, मुर्तिहा कोतवाल अशोक कुमार, थाना अध्यक्ष मोतीपुर हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच वारदात की जांच शुरू की। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मुर्तिहा अशोक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का पता लग सकेगा। बताया जाता है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंका गया है। एसपी ने बताया कि हत्या का खुलासा करने के लिए एसआईटी टीम गठित की है। महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष है।