बलिया। बलिया गोलीकांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के भाई देवेंद्र प्रताप सिंह समेत पांच अन्य आरोपियों को बलिया पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की छापेमारी चल रही है। इस बीच फैसला लिया गया है कि दुर्जनपुर गांव मे सभी असलहों का लाइसेंस निरस्त किया जायेगा।
वहीं, इस बीच आजगढ़ जोन के आईजी सुभाष चंद्र दुबे दुर्जनपुर गांव में कैंप कर रहे हैं। वहीं आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक दर्जन से ज्यादा टीमें जगह-जगह पर दबिश दे रही हैं। उधर इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के घर पर जमकर तोड़फोड़ की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी के घर की महिलाओं को थाने में बैठाया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी के घर में काफी तोड़फोड़ भी की है। पुलिस के जवानों ने आरोपी के घर की खिड़कियां तोड़ डाली है। यही नहीं घर में रखे फर्नीचर पर भी पुलिसिया कहर टूटा है। साथ ही साथ घर के बाहर खड़ी बाइक और कार को भी पुलिस के गुस्से का शिकार होना पड़ा है।