पूर्णिया। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण का चुनाव प्रचार चल रहा है। इस प्रचार के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यह उनका आखिरी चुनाव है। इसके बाद वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। गुरुवार को पूर्णिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात की घोषणा की
पूर्णिया जिले की धमदाहा विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे नीतीश कुमार ने कहा, ‘जान लीजिए, आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। परसो मतदान होगा। ये मेरा अंतिम चुनाव है। अंत भला तो सब भला।’
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार को मतदान होगा। इसके लिए आज शाम पांच बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। आखिरी दिन प्रचार करते हुए नीतीश कुमार ने इस चुनाव को अपना अंतिम चुनाव करार दिया है।