पटना। बिहार चुनाव से पहले ही एनडीएम मेें फूट पड़ गयी है। लंबे समय से राज्य के मुख्यमंत्री से नाराज चल रहे लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के नेतृत्व को अस्वीकार कर दिया है। रविवार को हुई पार्टी की संसदीय दल की बैठक में लोजपा के नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनाव 2020 नीतीश कुमार के नेतृत्व में नहीं लड़ने का फैसला लिया है।
दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसला लिया गया कि लोजपा नीतीश कुमार का नेतृत्व मंजूर नहीं कर सकती। भाजपा के साथ कुछ सीटों पर लोजपा की फ्रेंडली फाइट होगी। पार्टी उन सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी जहां जदयू के प्रत्याशी होंगे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में लोजपा-भाजपा सरकार का प्रस्ताव पारित किया गया है। पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन को तैयार है। इस प्रस्ताव से पार्टी ने यह दिखाने की कोशिश की है कि अगर चुनाव बाद जरूरत हुई तो लोजपा और भाजपा मिलकर बिहार में सरकार बना सकती हैं। भाजपा से नजदीकी बनाए रखने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया कि लोजपा के सभी विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करेंगे। चिराग पासवान अब बिहार में एनडीए से अलग होकर 143 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजन बना रहे हैं।