पटना। बिहार चुनाव के दूसरे चरण को लेकर घमासान शुरू हो गया है। बिहार के सोनपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता से पूछा क्या महागठबंधन बिहार का विकास कर पाएगा? नड्डा ने कहा, ‘राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एक अराजकतावादी पार्टी है, कांग्रेस राष्ट्र विरोधी है, यह बिहार में महागठबंधन है।
क्या यह गठबंधन विकास सुनिश्चित करेगा?’ इसके साथ ही उन्होंने अपने संबोधान में कहा कि आप लोगों को अब किसकी सरकार चाहिए लालटेन या फिर एलईडी। नड्डा ने आगे कहा राहुल गांधी जो दलील देते हैं उसे इमरान खान संयुक्त राष्ट्र में ले जाकर रखता है, ये हैं हमारी राष्ट्र भक्त इंडियन नेशनल कांग्रेस।
महात्मा गांधी जी भी शरमा रहे होंगे, उनको भी लगता होगा कि क्या हो गया। मेरा नाम चुराकर इन्होंने क्या-क्या कर दिया। नड्डा ने अनुच्छेद 370 और पुलवामा हमले को लेकर भी जनता के सामने अपनी बात रखी।