पटना। बिहार चुनाव से पहले राजनीतिक उलटफेर शुरू हो गयी है। आरएलएसपी प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने यूपीए से नाता तोड़ लिया है। बताया गया है कि वह दोपहर दो बजे यूपीए से अलग होने का एलान करेंगे। सूत्रों की माने तो उपेंद्र कुशवाहा बीएसपी और वीआईपी पार्टी के साथ मिलकर तीसरा मोर्चा का गठन करेंगे। यह मोर्चा विधानसभा चुनाव को उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में लड़ेगा।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होते ही गठबंधन को लेकर खेल शुरू हो गया है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर कहा, ‘आज दोपहर 2 बजे, होटल मौर्य, पटना में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया एवं आरएलएसपी के समर्पित साथियों सहित बिहारवासियों को संबोधित करूंगा।’
आज दोपहर 2 बजे, होटल मौर्य, #पटना में आयोजित #प्रेस_वार्ता के माध्यम से मीडिया एवं रालोसपा के समर्पित साथियों सहित बिहारवासियों को संबोधित करूंगा।
— Upendra Kushwaha (@UpendraRLSP) September 29, 2020
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने हाल ही में इस बात के संकेत दिए थे कि वह बिहार विधानसभा चुनाव की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव नीतीश कुमार का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। बता दें कि इससे पहले जीतन राम मांझी ने भी महागठबंधन से किनारा कर लिया था।
वहीं, जेडीयू और भाजपा बिहार में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा कर रहे हैं। बताया गया है कि एनडीए के दो सबसे बड़े दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा अपने अंतिम दौर में हैं। दोनों ही पार्टियां कल यानी कि 30 सितंबर को सीटों का एलान कर सकती हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पार्टियां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी देंगी।