नई दिल्ली। असम को भारत से अलग कर देंगे’ वाले वायरल विडियो पर राजनीति तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उस विडियो को शाहीन बाग का बताते हुए दावा किया कि वहां भारत के टुकड़े करने की साजिश रची जा रही है। इसी को लेकर आज भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर यह कहा कि शाहीन बाग तौहीन बाग है।
संबित पात्रा ने ये भी पूछा कि सिसोदिया ने क्यों कहा कि वो शाहीन बाग की महिलाओं के साथ हैं। केजरीवाल जी जवाब दो, राहुल जी जवाब दो आप क्यों देश के टुकड़े-टुकड़े करने वालों के साथ हो। संबित ने आगे कहा कि शाहीन बाग दिशाहीन बाग है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने यह कविता भी सुनाई
मैं शाहीन बाग हूं, जी हां मैं शाहीन बाग हूं।
हाथ तिरंगा, मन में दंगा
अमन चैन को डसने वाला, मैं जहरीला नाग हूं
हां, मैं शाहीन बाग हूं।
महिलाओं के आड़ में, नफरत की बाड़ में
हर शहर में लाल चौक हूं, मैं पाक-परस्तो का सब्जबाग हूं
मैं शाहीन बाग हूं।
हो कत्लेआम, हो सड़क जाम, मेरा मकसद है देश जले।
मैं नफरत की छुपी आग हूं, मैं शाहीन बाग हूं।
पात्रा ने दावा किया कि शाहीन बाग में प्रदर्शन के नाम पर भारत के टुकड़े करने की साजिश चल रही है। पात्रा बोले, ‘वहां खुलेआम आगजनी, खुले जिहाद का आवाहन किया जा रहा है। असम को अलग करने की बात की जा रही है।’
बता दें कि सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हो रहा है। विडियो में दिख रहे शख्स को शरजिल इमाम बताया जा रहा है जो कि जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) का छात्र है। इस विडियो में वह पूर्वोत्तर और असम को भारत के नक्शे से मिटाने की बात कर रहा है।