बलिया। बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के महाकरपुर गांव में बर्थ डे पार्टी के जश्न में जमकर फायरिंग हुई। ताबड़तोड़ फायरिंग में वहां मौजूद भोजपुरी लोकगायक गोलू राजा के दाहिने हाथ में लग गयी। गोली लगने के बाद हड़कंप मच गया। आनन फानन में गोलू राजा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी। फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। बताया जाता है कि गांव के भाजपा के एक नेता के बेटे का जन्मदिन था। खाने पीने के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसमें लोक गायक गोलू राजा व गायिका निशा उपाध्याय गीत प्रस्तुत कर रहे थे। तभी ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गयी।
इस दौरान एक गोली गोलू राजा की बांह में लग गयी। वे मंच से कूदकर नीचे भागे। मौके पर अफरातफरी मच गई। अन्य कलाकार सुरक्षित बच गए। इस बाबत गड़वार थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी ने बताया कि एक जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में हुई फायरिंग में किसी गायक को गोली लगने की सूचना है। गायक से सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है। दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी।