उन्नाव। उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर उपचुनाव है। इसको लेकर प्रचार शुरू हो गया है। प्रचार शुरू होते ही नेता वोट ध्रुविक्ररण के लिए कई चाल चलना शुरू कर दिए हैं। उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर भी चुनाव होना है। इसको लेकर वहां पर प्रचार शुरू हो गया है। इस बीच उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज एक बयान आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अनुपात के अनुसार कब्रिस्तान और श्मशान बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदुओं के धैर्य और शालीनता का परिचय न लिया जाए। मजबूरी कोई नहीं है। भाजपा सांसद बांगरमऊ सीट पर चुनाव प्रचार के लिए यहां नुक्कड़ सभा कर रहे थे। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने हिंदुओं और मुसलमानों का मुद्दा उठाया। साक्षी महाराज ने कहा कि आबादी के अनुपात के अनुसार कब्रिस्तान और श्मशान होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘यहां तक कि अगर गांव में एक मुसलमान है, तो कब्रिस्तान बहुत बड़ा है। आप (हिंदू समुदाय) अपने खेत की मेढ़ में या गंगा के किनारे दाह संस्कार करते हैं। क्या यह अन्याय नहीं है? बता दें कि, बांगरमऊ सीट के लिए कांग्रेस ने आरती बाजपेई पर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी ने अपने पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार को अपना प्रत्याशी बनाया है। सपा ने सुरेश पाल तो बसपा से महेश पाल ताल ठोक रहे हैं।