नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संगठन महासचिव रामलाल को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में वापस बुला लिया गया है। उन्हें संगठन महासचिव पद से हटा दिया गया है। आरएसएस में उन्हें सह संपर्क प्रमुख बनाया गया है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है।
वहीं, आशंका है कि वी सतीश को उनकी जगह भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया जाएगा। बता दें कि 2006 से रामलाल को बीजेपी में संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। रामलाल भाजपा में एक प्रमुख रणीतिकार के रूप में काम करते थे और संघ व पार्टी के बीच की कड़ी थे। उन्हें भाजपा की हर बड़ी बैठक में देखा जाता था। अब उन्हें वापस संघ में बुला लिया गया है।
गौरतलब है कि, 2005 में बीजेपी के संगठन महासचिव संजय जोशी की विवादित सीडी आने के बाद उन्हें भाजपा से हटा दिया गया था। उसके बाद 2006 की शुरुआत से रामलाल बीजेपी में संगठन महासचिव का काम देख रहे हैं। भाजपा में पार्टी अध्यक्ष के बाद संगठन महासचिव का पद सबसे महत्वपूर्ण होता है।