लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता कर योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होने योगी आदित्यनाथ के भगवा कपड़ों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “भगवा आपका नहीं है, भगवा करुणा का प्रतीक है, भगवा वस्त्र हिन्दू धर्म का है, इस धर्म में हिंसा और बदले की भावना नही है लेकिन योगी जी भगवा पहनकर बदले की भावना से काम कर रहे हैं और यूपी पुलिस भी उसी बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसी पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को पता ही नही है कि कोई व्यक्ति भगवा क्यों पहनता है? उनका कहना है कि कांग्रेस जो कुछ कर रही सब वोट बैंक के चक्कर मे कर रही है।
उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की परंपरा रही है कि नियमों को न मानना। उन्होंने कहा कि मीडिया में कैसे बने रहे इसके लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा ही नियमों को ताक पर रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश का विकास नहीं देख सकती। विकास की बात करते थे तो सपेरों का देश बताते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं पता कि भगवा क्या है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया गलत हैं। सीएम योगी को सीख की जरूरत नहीं। वह हमेशा की धर्म का पालन करते हैं।
दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी हिंसा में संलिप्त लोगों के साथ खड़ी हैं। प्रियंका गांधी ने सीएम योगी के साथ-साथ भगवा पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है। यह सीधे-सीधे धर्म की लड़ाई भड़काने की कोशिश है। मैं कहना चाहूंगा कि इस लड़ाई को धर्म की लड़ाई के तौर पर न पेश किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी भगवा को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।