नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान बुलबुल को लेकर मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने तमाम राज्यों में चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 नवंबर को ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भयंकर चक्रवाती तूफान बुलबुल के कारण भारी बारिश की आशंका है।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बुलबुल नामक चक्रवाती तूफान का उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है और उसके बाद यह फिर से उत्तर-पूर्व की ओर वक्र हो सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक 9 नवंबर यानि आज मध्यरात्रि तक बुलबुल चक्रवाती तूफान के कारण 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यह भी कहा जा रहा है कि हवाएं 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी चल सकती हैं। इसके पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप, सुंदरबन डेल्टा, बांग्लादेश के खेपूपारा को पार करने की संभावना है।
मौसम विभाग पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों पूर्वी मिदनापुर, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों में नौ से 11 नवंबर तक भारी बारिश होने की संभावना जता चुका है।