उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, हरियाणा और तेलंगाना में हुए सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इस उपचुनाव के नतीजों में भाजपा को फायदा पहुंचा है। भाजपा ने सात में से 4 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि विपक्ष उपचुनाव में सिर्फ 3 सीटें जीत पाया है।
By-elections 2022: उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, हरियाणा और तेलंगाना में हुए सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इस उपचुनाव के नतीजों में भाजपा को फायदा पहुंचा है। भाजपा ने सात में से 4 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि विपक्ष उपचुनाव में सिर्फ 3 सीटें जीत पाया है। भाजपा की इस जीत के साथ ही विपक्ष की बेचैनी बढ़नी तय है। दरअसल, आने वाले दिनों में हिमाचल और गुजरात में विधानसभा का चुनाव होना है। इसके साथ ही 2024 में लोकसभा का भी चुनाव है। ऐसी स्थिति में भाजपा की मजबूती विपक्ष की चिंता बढ़ा सकती है। आइये जानते हैं कहां किसको जीत मिली है और किसको हार मिली है…
यूपी की गोला गोकर्णनाथ सीट: इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी अमन गिरी करीब 34 हजार वोटों से जीते हैं। यहां पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी विनय तिवारी को हार का सामना करना पड़ा है।
बिहार में दो सीटों का हाल: बिहार की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें आरजेडी और भाजपा ने एक—एक सीटों पर जीत दर्ज की। मोकामा से आरजेडी प्रत्याशी नीलम देवी और गोपालगंज से भाजपा प्रत्याशी कुसुम देवी ने जीत दर्ज की है।
आदमपुर में खिला कमल : हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने जीत हासिल की है। कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को हराकर परिवार का गढ़ बरकरार रखा।
महाराष्ट्र में उद्धव गुट जीता: मुंबई की अंधेरी (पूर्वी) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार ऋतुजा लटके ने रविवार को जीत हासिल की।
तेलंगाना में टीआरएस की जीत: तेंलगाना के मुनुगोड़े विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में सत्ताधारी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) को जीत मिली है। टीआरएस ने प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के खिलाफ 10 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
ओडिशा में बीजेपी को मिली जीत: ओडिशा में विपक्षी दल बीजेपी ने धामनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार को 9,881 के अंतर से हराया।