नई दिल्ली। हरियाणा के जींद और राजस्थान की रामगढ़ विधानसभा सीट पर 28 जनवरी को हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को आ रहे हैं। रामगढ़ में कांग्रेस की सफिया जुबेर खां ने जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के 100 विधायक हो गए हैं।
वहीं हरियाणा के जींद सीट पर बीजेपी कुछ वोटों से आगे चल रही है। यहां शुरुआती रुझान में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के दिग्विजय सिंह चौटाला आगे चल रहे थे। लेकिन चौथे राउंड के बाद बीजेपी आगे निकल गई। पार्टी करीब दो हज़ार वोटों से आगे चल रही है। यहां कांग्रेस को अब तक 7614, जेजेपी को 13443 और बीजेपी को 15481 वोट मिले हैं। इस सीट पर 28 जनवरी को उपचुनाव हुआ था जिसके लिये दो महिलाओं समेत 21 उम्मीदवार मैदान में थे।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक हरिचंद मिड्ढा के निधन से यह सीट रिक्त हुई है। बीजेपी ने मिड्ढा के बेटे कृष्ण मिड्ढा को उम्मीदवार घोषित किया था। हरिचंद दो बार इस सीट से विधायक रह चुके थे। कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैथल से मौजूदा विधायक रणदीप सुरजेवाला को मैदान में उतारा है वहीं इनेलो ने उमेद सिंह रेढू को उम्मीदवार बनाया है। इनेलो के टूट कर नई पार्टी बनी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के लिये भी यह चुनाव महत्वपूर्ण है। जेजेपी ने जेल में बंद अजय सिंह चौटाला के छोटे बेटे दिग्विजय सिंह चौटाला को उम्मीदवार घोषित किया था।
रामगढ़ में जीती कांग्रेस
रामगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी साफिया जुबेर खां ने 12228 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। उनके खाते में 83311 वोट आए। राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीएसपी प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। रामगढ़ में कांग्रेस ने साफिया जुबेर खां पर भरोसा जताया था, वहीं बीजेपी ने सुखवंत सिंह और बीएसपी ने जगत सिंह को मैदान में उतारा था। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के पास अब 100 सीटें हो गई हैं।