नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी पर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में बुधवार को भोपाल में मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रंगमहल चौराहे से मिंटो हॉल तक शांति मार्च निकाला। भोपाल के रंगमहल चौराहे पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक सभा को भी संबोधित किया।
कांग्रेस का शांति मार्च रंगमहल चौराहे से निकलकर मिंटो हाल में स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करके खत्म होगा। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कांग्रेस के इस मार्च का लेफ्ट सहित कई पार्टियों ने समर्थन किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ को सड़क पर उतरने से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम कमलनाथ सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के जरिये सूबे की फिजा खराब करना चाहते है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नागरिकता कानून पर भ्रम फैलाया जा रहा है। गलतफहमी पैदा की जा रही है। संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के कारण देश को हिंसा की आग में झोंकने की कोशिश हो रही है।