लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून लेकर उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए मथुरा और आगरा में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। यही कारण है कि शुक्रवार की जुमे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह से शुक्रवार शाम 6 बजे तक यहां पर इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
सोशल मीडिया पर अभी भी नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। इससे कानून— व्यवस्था बिगड़ने की संभावना है। जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी मोबाइल कंपनियों को इंटरनेट सेवा बंद रखने को कहा है। मथुरा के जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि असामाजिक तत्व अफवाह न फैला सकें, इसलिए इस अवधि में इंटरनेट सेवा बंद करने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार इंटरनेट सेवा गुरुवार सुबह छह बजे से लेकर शुक्रवार शाम 6 बजे तक बाधित रहेगी। इसके साथ ही इंटरनेट से सम्बन्धित सभी लूप लाइन एवं लीज लाइन भी निष्क्रिय एवं बंद रहेंगी। बीएसएनएल सहित समस्त टेलीफोन एवं इंटरनेट सर्विस प्रदाता कंपनियां आदेश का पालन करेंगी। इसका उल्लंघन धारा 188 के तहत दंडनीय अपराध होगा। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक सूर्यकांत ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बाधित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गुरुवार सुबह 6 बजे से लेकर शुक्रवार शाम 6 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।