नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर चल रह बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में इसको लेकर प्रदर्शन हो रहा है। वहीं, कांग्रेस भी इस कानून का विरोध करने में जुटी है। इस बीच प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के मेरठ जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि हिंसा में मारे गए पीड़ित परिवार से राहुल और प्रियंका मुलाकात करेंगे। इससे पहले प्रियंका बिजनौर पहुंची थी, जहां पर मृतक के परिवार से मुलाकात की थी।
वहीं, इसको लेकर मेरठ में पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। अचानक शहर के लिसाड़ीगेट क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस फोर्स लगाया गया है। बता दें कि, नागरिकता कानून के विरोध के दौरान हुई हिंसा में आसिफ पुत्र शाहिद निवासी ऊंचा सद्दीक नगर, जहरी पुत्र मुंशी निवासी रशीदनगर, मोहसिन पुत्र अहसान निवासी भूमिका का पुल मारे गए थे। इनके पीड़ित परिजनों से राहुल और प्रियंका गांधी मुलाकात करेंगी।
बता दें कि, इससे पहले रविवार को प्रियंका गांधी यूपी के बिजनौर जिले में पहुंची थीं। जहां उन्होंने नहटौर में नागरिकता कानून के विरोध में हुए बवाल में मारे गए प्रदर्शनकारियों के परिजनों को ढांढस बंधाया और घायल व उनके परिजनों से बवाल की जानकारी ली थी। उधर, मेरठ में राहुल और प्रियंका के पहुंचने की खबर के बाद पुलिस सर्तक हो गयी है।