पटना। नागरिकता कानून को लेकर आरजेडी ने आज बिहार बंद का ऐलान किया है। इसका असर कई शहरों में देखने को मिला है। इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव अपने सकैड़ों समर्थकों के साथ पटना विधानसभा पहुंचे है, जहां वह इस बिल का विरोध कर रहे हैं। वहीं, इसको देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान कई जिलों में हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें भी हैं।
बिहार बंद में आरजेडी को कांग्रेस का समर्थन भी मिला है। वहीं, कई जगह आरजेडी के कार्यकर्ता भैंस लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि भागलपुर में आरजेडी के कार्यकर्ताओं सुबह से ही प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गयी है। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भागलपुर में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बीच पुलिस के जवान सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
इसके अलावा नवादा जिला में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पटना रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर सद्भावना चौक के पास आगजनी की और रास्ता जाम कर दिया। इस कारण यहां पर जाम लग गया है। वहीं, दरभंगा में प्रदर्शनकारी कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंणने सड़कों पर टायर जलाए हैं और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी की है।
पटना में आरजेडी कार्यकर्ता डंडे लेकर सड़क पर उतरे
वहीं, इस कानून के विरोध में पटना में आरजेडी कार्यकर्ता डंडे लेकर सड़कों पर उतरे हैं। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड पर कई वाहनों में तोड़फोड़ की गयी है। वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता भी इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। पटना में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के वर्कर्स ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बैरिकेड को हटा दिया। वहीं, जहानाबाद में आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने कोर्ट स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर आगजनी की। इसके साथ ही पटना से गया जाने वाली ट्रेन को रोक दिया गया है।