मेरठ। नए कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे विपक्ष पर सीएम योगी आदित्यनाथ जमकर बरसे। कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने मेरठ पहुंचे सीएम ने कहा कि कुछ लोग किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर देश की एकता और अखंडता को चुनौती दे रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेरठ में विभिन्न परियोजनाओं के लोर्कापण करने के बाद मंच से सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने यहां गंग नहर के किनारे कांवड़ का एक अतिरिक्त लेन बनाने का निर्णय किया है और इसके लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक की सहमति दी है।
भारत सरकार के सहयोग से हम 32,000 करोड़ की लागत से मेट्रो का एक नया विकल्प RTTTS के नाम से मेरठ को दिल्ली के साथ जोड़ रहे हैं। ये इतनी बड़ी दूरी से जोड़ने का देश का पहला ऐसा कार्य है। किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर भारत की एकता और अखंडता को चुनौती दी जा रही है। किसान भाईयों के कंधों पर बंदूक रखकर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य किया जा रहा है। ये स्वीकार्य नहीं हो सकता है।