बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ‘मिशन शक्ति’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान बलरामपुर में बर्बरता की शिकार हुई बिटिया को सच्ची श्रद्धांजलि है। बिटिया के दुष्कर्मियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र ही कठोर सजा दिलाई जाएगी।
अपराधियों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित समारोह में कहा कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश भर में शोहदों व मनचलों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। इसके साथ ही सभ्य समाज के दुश्मनों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी।
उन्होंने कहा कि बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा एवं विघटनकारियों को कठोर सजा का संदेश देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश के सभी थानों में एक विशेष कमरे में महिला हेल्पडेस्क बनाया जाएगा। यहां महिला अधिकारी व सिपाही की तैनाती होगी।
उन्होंने कहा कि यह बड़ा अभियान तीन चरण में 180 दिनों तक चलेगा। जिसमें प्रदेश के 24 विभागों का सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने ऐलान किया कि अब पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी ने जिले के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन किया।