काबुल। अफगानिस्तान में वायुसेना के दो हेलिकॉप्टरों की आपस में भीषण टक्कर हो गयी। मंगलवार रात दक्षिणी हेलमंद के नवा जिले में यह घटना हुई है। बताया जा रहा है कि इस घटना में 15 लोगों की जान चली गयी है। मीडिया रिपोर्ट के जरिए यह जानकारी सामने आयी है।
मीडिया रिपोर्ट की माने तो हेलिकॉप्टरों द्वारा कमांडो को एक स्थान पर उतारा जा रहा था और वहां से घायल सुरक्षा बलों को ले जाया जा रहा था। इस दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के बीच टक्कर हो गई। बताया गया है कि इस घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मरने वाले सैनिकों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने अभी इस हादसे पर कोई बयान नहीं दिया है। प्रांत के गवर्नर के एक प्रवक्ता उमर ज्वाक ने नावा जिले में हुई इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने और ज्यादा विवरण देने से इनकार कर दिया। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। कुछ लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।