नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सहित कई क्रिकेटरों ने भारत के दूसरे चंद्रमा अभियान चंद्रयान 2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो टीम को बधाई दी है। इस कामयाबी पर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी इसरो को बधाई दी है। अक्षय कुमार से लेकर विवेक ओबेरॉय, रविना टंडन और करण जौहर जैसे कई सेलेब्स ने अपने बधाई संदेश ट्विटर पर पोस्ट किए हैं।
कोहली ने ट्विटर पर बधाई देते हुए लिखा चंद्रयान 2 के प्रक्षेपण के साथ ही पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवमयी पल है जय हिंद। टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा इसरो को बधाई भारत के लिए यह गौरवमय और ऐतिहासिक क्षण है चंद्रयान 2।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने लिखा चंद्रयान 2 का प्रक्षेपण देश के लिए ऐतिहासिक और गौरवमय है। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा चंद्रयान 2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो टीम को बधाई। अक्षय कुमार ने अपने ट्विटर पोस्ट पर लिखा कि इसरो ने फिर से कर दिखाया टीम को मैं सैल्यूट करता हूं जिसने बिना रूके थके इस सफलता को हासिल किया है। वहीं एक्ट्रेस रवीना टंडन ने लिखा कि हमारा चांद के साथ रोमांस चलत रहेगा। इसरो और उनकी टीम को इस ऐतिहासिक पल की बधाई।
एक्टर विवेक ओबेरॉय ने चंद्रयान की फोटो के साथ लिखा कि और हम निकल गए चंद्रयान 2 की सफलता के लिए इसरो और टीम को बहुत बहुत बधाई। हमने एक बार फिर इतिहास में एक नया माइलस्टोन साबित कर दिया। बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर और प्रोड्यूसर करण जौहर ने भी इसरो को बधाई देते हुए लिखा कि आज इस ऐतिहासिक पल में हम सब खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
बता दें कि श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी मार्क तृतीय प्रक्षेपण यान से अंतरिक्ष यान चंद्रयान 2 को लॉन्च कर भारत ने दुनिया को अपने दमखम का परिचय दिखाया है। यह लांचिंग पूरी तरह से कामयाब रही। चांद और पृथ्वी के बीच दूरी को पूरा करने में यान को कुल 48 दिन लगेंगे। उस दिन वह चांद के दक्षिणी धु्रव पर उतरेगा। चंद्रयान 2 चांद की कक्षा में पहुंचकर दो हिस्सों में विभाजित होगा।
चंद्रयान 2 का एक हिस्सा कक्षा में और दूसरा हिस्सा चांद पर उतरेगा। भारत के दूसरे चंद्रमा अभियान चंद्रयान 2 का सोमवार दोपहर को सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया। कुल 43.4 मीटर लंबे और 640 टन वजनी जीएसएलवी एम 3 का उपनाम फिल्म बाहुबली के सुपर हीरो के नाम पर रखा गया है। यह रॉकेट भारत के दूसरे मिशन को अंजाम देने के लिए 3.8 टन वजनी चंद्रयान 2 को अपने साथ ले गया। चंद्रयान 2 पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की लगभग 384400 किलोमीटर की यात्रा तय करेगा।