इंदौर। नाथूराम गोडसे पर बयान देकर फंसी साध्वी प्रज्ञा को लेकर संसद से सड़क तक हंगामा चल रहा है। साध्वी प्रज्ञा ने लोकसभा में अपने बयान को लेकर माफी भी मांग ली लेकिन विपक्ष इसको लेकर हमलावर है। वहीं, बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी इस बयान को लेकर अपनी सफाई दे चुके हैंं। इस बीच कांग्रेस के एक विधायक ने साध्वी प्रज्ञा को जिंदा जलाने की धमकी दी है।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी ने विवादित बयान देते हुए कहा है कि हमने अभी उनका पुतला जलाया है। यदि वह कभी भी यहां अपना पैर रखेंगी तो हम उन्हें जिंदा जला देंगे। बता दें कि, प्रज्ञा ठाकुर के बयान को लेकर कांग्रेस विधायक कार्यकर्ताओं के साथ ब्यावरा में प्रदर्शन कर रहे थे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के बाद विधायक दांगी ने पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हमारे राष्ट्रपिता हैं। उनके हत्यारे को देशभक्त कहने वाली साध्वी प्रज्ञा का पुतला क्या यदि वह खुद यहां आईं तो उन्हें भी इसके साथ-साथ जला देंगे। गौरतलब है कि, लोकसभा में आज साध्वी प्रज्ञा ने अपने दिए बयान पर माफी मांग ली। इसके बावजूद विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।
वहीं, कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को ज़िंदा जलाने वाले बयान पर राजनीति तेज़ हो गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को ट्वीट कर गोवर्धन दांगी से तत्काल माफी की मांग की है।