नई दिल्ली। कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के शादी के बंधन में बांधने के बाद अब कांग्रेस की मीडिया प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके अनिल यादव के साथ पंखुड़ी 1 दिसंबर को सात फेरे लेंगी। नोएडा के निवासी अनिल यादव और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव बेहद करीबी माने जाते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक 1 दिसंबर को दिल्ली के वसुंधरा वाटिका में शादी कि सभी रस्में होंगी। बताया जा रहा है कि पंखुड़ी पाठक लव मैरिज कर रही हैं और दोनों के घर वालों ने इस शादी के लिए अनुमति दे दी है। वहीं सोशल मीडिया पर तमाम राजनेता और प्रवक्ता पंखुड़ी को शादी की बधाई दे रहे हैं।
इस शादी में सपा और कांग्रेस दोनों पार्टी के बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। बता दें कि कांग्रेस पार्टी की मीडिया पैनलिस्ट पंखुड़ी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है। अगस्त 2018 में सपा ने पैनलिस्ट की नई लिस्ट जारी की थी जिसमें पंखुड़ी का नाम शामिल नहीं था. जिसके बाद उन्होंने पार्टी से नाता तोड़ लिया था और कॉंग्रेस में शामिल हो गई थी।