नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस को मिली हार के बाद पार्टी में इस्तीफों की झड़ी लग गयी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि उनके इस्तीफे को खारिज कर दिया गया था। इसके साथ ही अशोक चव्हाण, राज बब्बर, कमलनाथ के बाद अब दो और इस्तीफों की पेशकश आई है।
झारखण्ड और असम में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन् के बाद वहां के प्रदेश अध्यक्षों ने अपने इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा है। लोकसभा चुनाव 2014 की तरह 2019 में कांग्रेस डबल डिजिट में सिमट गई, पहले 44 और 52। जिसके बाद से ही पार्टी में हड़कंप मचा है, असम की कुल 14 लोकसभा सीट में कांग्रेस के खाते में सिर्फ 3 सीट आईं जबकि बीजेपी यहां 9 सीटों पर जीत गई।
वहीं झारखंड की 14 सीटों में से कांग्रेस सिर्फ 1 पर ही जीत दर्ज कर पाई और बीजेपी 11 पर जीत गई। दोनों राज्यों में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
गौरतलब है कि वहीं महाराष्ट्र के कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाणा, मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, यूपी के अध्यक्ष राजबब्बर भी अपने राज्यों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं। इन राज्यों में कांग्रेस की स्थिति बहुत खराब रही।