नई दिल्ली। भारत में कोरोना संकट बढ़ता जा रहा है। तमाम कोशिशों के बाद भी संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। देश में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 9,887 नए मरीज सामने आए हैं जिसके बाद देश में कोविड-19 के मामले 2,36,657 हो गए हैं।
इसके साथ ही भारत इटली को पछाड़कर कोरोना से छठा सबसे ज्यादा प्रभावित देश हो चुका है। हालांकि, इटली में 33,774 मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि भारत में यह आंकड़ा 6,649 है। भारत में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण 294 मरीजों ने दम तोड़ दिया जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 6,642 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में 1,15,942 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि 1,14,072 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब तक 48.20 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण के मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।