मुंबई। देश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया है। महानगरी मुंबई में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमितों की संख्या है। इसको देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है। समूचे महाराष्ट्र, खासकर मुंबई और पुणे में कोरोना वायरस के संक्रमण में तेजी देखी जा रही है।
संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला लिया है। आंकड़ों पर गौर करें तो महाराष्ट्र में कोरोना के बीते 24 घंटे में 5493 नए मामले सामने आए हैं और 156 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 7429 हो गया है।
वहीं, राज्य में कोरोना के 1 लाख 64 हजार 626 केस हैं, जिनमें से 70 हजार 607 केस एक्टिव हैं। वहीं, यहां पर 86 हजार 575 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। मुंबई की बात करें तो 24 घंटे में 1287 नए मामले सामने आए हैं।
अब तक कुल 75 हजार 539 केस सामने आ चुके हैं। मुंबई में अब तक 4371 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की संख्या के मामले में दिल्ली ने मुंबई को पीछे छोड़ दिया है। मुंबई कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित है।