नई दिल्ली। Indian Army के बाद अब Indian Navy में भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। तेजी फैल रहे इस वायरस ने अब भारतीय नौसेना को भी अपनी जद में ले लिया है। इन सभी को उस नौसैनिक से संक्रमण का शक जताया जा रहा है जो 7 अप्रैल को पॉजिटिव मिला था। अभी तो जो 21 नौसैनिक पॉजिटिव मिले हैं उनमें से 20 आईएनएस आंग्रे पर तैनात हैं।
नौसेना के बयान के मुताबिक सभी आईएनएस आंग्रे के एक ही ब्लॉक में साथ रहते थे। फिलहाल इस ब्लॉक को क्वॉरन्टीन कर दिया गया है. इससे पहले सेना के भी आठ जवानों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
नौसैनिक अस्पताल में भर्ती जवान
कोरोना पॉजिटिव जवानों को नौसैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौसेना के भीतर जवानों में संक्रमण होने का यह पहला मामला है। इन जवानों में कोरोना संक्रमण कैसे फैला इसकी जानकारी जुटाने के साथ ही उन लोगों की भी पहचान की जा रही है जो बीते दिनों में संक्रमित जवानों के संपर्क में आए थे।
हालांकि, अब तक की जांच में सिर्फ ये ही पता चल सका है कि लॉकडाउन की वजह से सभी सैनिक अपने घरों में ही थे और किसी बाहरी व्यक्ति के संपर्क में नहीं आए थे। सभी को मुंबई के नौसैनिक अस्पताल INHS अश्विनी में Quarantine किया गया है।
थलसेना में भी मिल चुके हैं केस
भारतीय नौसेना के पहले भारतीय थल सेना में भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। सबसे पहला मामला लद्दाख में पोस्टेड एक जवान का आया था। वह छुट्टियों में अपने परिवार के साथ था। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। राहत वाली बात थी कि जवान पूरी तरह से ठीक हो गया था।
देश में तेजी से बढ़ रहे नए मरीज
कोरोना संक्रमण के चलते देश में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। मरीजों की संख्या 14000 के करीब पहुंच गई है। हालांकि कुछ राज्यों में स्थिति पहले से बेहतर हुई है। लॉकडाउन का असर भी धीरे-धीरे दिखाई देने लगा है। बावजूद इसके वर्तमान स्थिति में थोड़ी सी भी लापरवाही देश का बड़ा नुकसान कर सकती है।