नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच सरकार को घेरने में जुटी विपक्षी एकता को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का कहना है कि वह 13 जनवरी को दिल्ली में होने वाली विपक्षी पार्टियों की बैठक में नहीं शामिल होंगी। इस बैठक को सोनिया गांधी ने आयोजित किया है।
ममता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वामदल पश्चिम बंगाल में गंदी राजनीति कर रहे हैं। सूत्रों की माने तो ममता बनर्जी अब नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ अकेले लड़ाई लड़ेंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि वह नई दिल्ली में होने वाली सोनिया गांधी की अगुवाई वाली बैठक में शामिल नहीं होंगी। ममता बनर्जी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि यह वह अब विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगी। यह बात उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा में कहीं। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने कहा था कि वह केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, सीएए और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में बुलाए गए बंद के मकसद का समर्थन करती हैं लेकिन उनकी पार्टी और सरकार किसी भी प्रकार के बंद के विरोध में हैं।