बागपत। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। वह लगातार सनसनीखेज वारदत कर फरार हो जा रहा हैं। ताजा मामला बागपत क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दी है। बड़ौत में सीमेंट व्यापारी प्रदीप की हत्या के बाद बेखौफ बदमाशों ने सोमवार सुबह लोहा व्यापारी का अपहरण कर लिया है।
लोहा व्यापारी के अपहरण के बाद बदमाशों ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस पीड़ित के घर पहुंची और मामले की जानकारी ली। उधर, घटना की जानकारी लगने पर आईजी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़ौत की खत्री गढ़ी निवासी लोहा व्यापारी आदेश जैन का महावीर मार्ग पर लोहे का गोदाम है। सोमवार सुबह वह गाड़ी से लोहा उतरवाने के लिए घर से गोदाम पर जाने के लिए निकले थे। इस बीच रास्ते में व्यापारी का अपहरण कर लिया गया। परिजनों का कहना है कि रंगदारी के लिए व्यापारी का अपहरण किया गया है।
अपराधियों ने फोनकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि मामले में छानबीन कराई जा रही है।