नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना से मृतकों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गयी है। वहीं, देश में कोरोना का आंकड़ा 64 लाख के पार पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना संक्रमित मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है।
हालांकि, कोरोना के दैनिक मामलों में आज कुछ गिरावट देखने को मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 79,476 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। वहीं, इस दौरान वायरस से होने वाली मौतों की संख्या 1,069 रही है। अब तक देश में इस वायरस से 64,73,545 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
देश में सक्रिय मामलों की संख्या 9,44,996 है। वहीं, 54,27,707 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं। दूसरी तरफ, इस वायरस के चलते देश में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 1,00,842 हो गई है। मृतकों की संख्या को एक लाख पार करने वाला भारत तीसरा देश बन गया है।