नई दिल्ली। दिल्ली के मोतीनगर के पास सुदर्शन पार्क में एक बड़ा हादसा हो गया। पार्क के पास डी ब्लॉक में घर के अंदर कंप्रेशर ब्लास्ट हो गया, जिसकी वजह से छत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोग घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक करीब पौने 9 बजे जानकारी मिली कि पंखे की फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ है।
न्यूज एजेंसी ने डीसीपी मोनिका भारद्वाज के हवाले से बताया कि घटना सुदर्शन पार्क इलाके में हुई। मलबे से 15 लोगों को निकाला गया। इन्हें आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती किया गया था। इनमें से सात को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में चार की हालत नाजुक है। इन्हें सफदरजंग के अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में सीलिंग फैन पर पेंट करने का काम होता था।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 6-7 लोग बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर पर थे, जबकि बाकी लोग ग्राउंड फ्लोर पर और पीछे की तरफ काम कर रहे थे। पुलिस ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। बाकी लोगों को इलाज के लिए पास के आचार्य भिक्षु हॉस्पिटल में ले जाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि फैक्ट्री में एक ही दरवाजा था। ऐसे में लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। फैक्ट्री में आग बुझाने के इंतजाम भी नहीं थे। ज्यादातर लोगों की मौत झुलसने से हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के कुछ मकानों के शीशे भी टूट गए।