नई दिल्ली। भारत की राजधानी दिल्ली में अब विधानसभा चुनाव को एक महीने का भी वक्त नही बचा है, ऐसे में सारी पार्टियों खुद को बेहतर ओर दूसरे को नीचा दिखाने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती है। वहीं बीजेपी ने दावा किया है कि आप और कांग्रेस के बीच मिलीभगत है, दोनो दिल्ली में एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि कांग्रेस अभी बीजेपी के इस दावे को खारिज कर रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने दावा किया है कि बाहर से भले ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक दूसरे की खिलाफत कर रहे हैं लेकिन अन्दर से दोनो के बीच मिलीभगत है और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोनो गठबंधन करके चुनाव लड सकते हैं। गोयल ने कहा कि आप और कांग्रेस, दोनों का भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर एक ही रवैया है तथा ये दोनों पार्टियां नागरिकता संशोधन अधिनियम और एनआरसी का विरोध कर रही हैं।
भाजपा नेता विजय गोयल वर्तमान समय में राज्यसभा सदस्य हैं और अक्सर वो अपनी बेबाक बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। गोयल ने कहा कि 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के खिलाफ उनके पास 375 पृष्ठ के सबूत हैं, लेकिन सत्ता में रहने के बावजूद उन्होने अपना मुह नही खोला और न ही कोई कार्रवाई की। गोयल ने आरोप लगाया है कांग्रेस और आप ने सीएए के मुद्दे पर दंगे भड़काए हैं, दोनों दल दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।