नई दिल्ली। अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा सरकार के गृहमंत्री अनिल विज ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस पर उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सावधान रहने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि यह लाइव पेट्रोल बम हैं। उन्होंने कहा कि वे जहां जाते हैं वहां पर आग भड़कती है और वे सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान का कारण बनते हैं।
बता दें कि, अनिल विज कांग्रेस पर लगातार हमलावर रहते हैं। सोमवार को उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि सोनिया गांधी खुद तो इटली से भारत आकर यहां की नागरिकता ले ली लेकिन पड़ोसी देशों में प्रताड़ित हो रहे हिंदुओं को उनको नागरिकता देने का राहुल और सोनिया विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही अनिज विज ने पश्चिम बंगाल के गृहमंत्री सिद्दकी उल्ला चौधरी के बयान पर भी जवाब दिया है।
सिददकी ने कहा है कि अगर सीएए वापस न लिया तो गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता आने पर उन्हें एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। इस बयान का पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा है कि पश्चिमी बंगाल भी हिंदुस्तान का हिस्सा है और हिंदुस्तान का कोई भी आदमी किसी भी प्रांत में जा सकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की सरकार के दिमाग में शायद गलतफहमी है कि वह उस प्रदेश के राजा हैं। बल्कि वो प्रजातांत्रिक व्यवस्था से देश के सिस्टम से चुने हुए मुख्यमंत्री है।