लखनऊ। कानपुर एनकाउंटर के मुख्य आरोपी विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे बुधवार को लखनऊ स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंची। ईडी ने समन भेजकर उन्हें पेश होने के लिए कहा था। ईडी ने संपत्तियों का ब्योरा भी मांगा है। बता दें कि, बिकरु कांड के बाद से ही ईडी विकास दुबे की सम्पत्तियों की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।
इसके चलते विकास दुबे की पत्नी ऋचा को ईडी ने आज तलब किया था। ईडी ने ऋचा से बैंक डॉक्यूमेंट, इनकम टैक्स रिटर्न और प्रॉपर्टी के दस्तावेज मांगे हैं। गौरतलब है कि छानबीन के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने 14 सितंबर को विकास दुबे और उसके साथी जय बाजपेयी सहित 36 आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।
जय बाजपेयी, विकास दुबे का फाइनेंसर है। पुलिस ने जय बाजपेई की कानपुर में तीन अवैध संपत्तियों को कुर्क भी किया था। वर्तमान में वह जेल में बंद है। गौरतलब है कि, कानपुर के बिकरु कांड में दो जुलाई की रात विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। वहीं, इसके बाद एसटीएफ ने विकास दुबे को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।