नई दिल्ली। चुनाव आयोग आज झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है। उससे पहले नई सरकार का गठन कर लिया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनीश अरोड़ा आज प्रदेश के विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान कर सकते हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ झारखंड में चुनाव आचार सहिंता लागू हो जाएगी। वहीं, इस बात की भी संभावना थी कि आयोग झारखंड के साथ दिल्ली विधानसभा के चुनाव का कार्यक्रम भी घोषित कर सकता है। लेकिन आयोग ने सिर्फ झारखंड का चुनाव कार्यक्रम ही घोषित करने की जानकारी दी है।
वहीं, दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 फरवरी को पूरा होगा। बता दें कि, इस समय झारखंड में बीजेपी की सरकार है। 2014 विधानसभा चुनाव में बीजेपी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। अभी हाल ही में महाराष्ट्र, हरियाणा में विधानसभा चुनाव आयोजित किए गए थे।
21 अक्टूबर को हुई दोनों राज्यों की वोटिंग के बाद 24 अक्टूबर नतीजों का ऐलान हुआ था। महाराष्ट्र में बीजेपी 105 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। शिवसेना को 56 सीटें मिली हैं। वहीं, हरियाणा में भी बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।