नई दिल्ली: मिस्र में पुलिस ने एक महिला भिखारी को गिरफ्तार किया है जो 5 बिल्डिंगों की मालकिन है और उसके बैंक खाते में 3 मिस्त्र पाउंड यानि कि करीब 1.4 करोड़ रुपए है। बताया जा रहा कि भिखारी की उम्र 57 साल है। ये मामला सामने आने के बाद लोगों की आंखे खुली की खुली रह गई। तो चलिए आपको बताते हैं, कि आखिर पूरा मामला क्या है।
रिपोर्ट के अनुसार, बैंक में करीब डेढ़ करोड़ रुपये रखने वाली ये भिखारी महिला इजिप्ट की रहने वाली है। स्थानीय पुलिस ने भिखारी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। ऐसे में स्थानीय अखबार Al Masry Al Youm की रिपोर्ट के अनुसार, महिला भिखारी व्हीलचेयर पर रहा करती थी और खुद को ऐसे दिखाती थी जैसे उसका पैर कट गया हो। इसी दम पर वह इजिप्ट के कई राज्यों में घूम-घूमकर भीख मांगा करती थी।
महिला भीख मांगते समय व्हीलचेयर पर रहती थी, लेकिन बचे समय वह अपने पैरों से चलती थी। और तो और ये भी बताया जा रहा है कि जब एक व्यक्ति ने महिला को अपने पैरों से चलते देखा, तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ और सच्चाई बाहर आई। सामने आई जानकारी में बताया गया है कि महिला का नाम नफीसा है। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि महिला को कोई भी बीमारी नहीं है। वहीं जांच के दौरान ही भिखारी के दो बैंक अकाउंट में 1 करोड़ 42 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली। साथ ही पांच मकान उसके नाम हैं, ये भी खुलासा हुआ है।