नई दिल्ली। झारखंड में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। आप ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। अजय कुमार झारखंड में कांग्रेस के न सिर्फ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष थे पहले बल्कि एक कद्दावर नेता भी थे। माना जा रहा है कि दिल्ली और झारखंड के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को इसका फायदा मिल सकता है।
दिल्ली में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि अजय कुमार ने लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
गुरुवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण साथी अजय कुमार आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं। मैं अजय कुमार का आम आदमी पार्टी में स्वागत करता हूं।
इस मौके पर अजय कुमार ने कहा कि आप सही मायनों में आम आदमी की पार्टी हैं। जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है और विकास के लिए काम कर सकता है। पूर्व आईपीएस अधिकारी अजय कुमार ने पिछले माह झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कुछ सहयोगियों पर पार्टी की जगह अपने निजी हितों को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।