नई दिल्ली। रांची-खूंटी बार्डर के पास से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पर बुधवार देर शाम चार नाबालिग लड़कियों के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि छह लड़कियां मकर संक्रांति पर रंग रोड़ी मेला देखकर वापस अपने घर फूंदी गांव लौट रही थीं। इस दौरान आरोपियों ने लड़कियों को अकेला देख पकड़ लिया। इसी बीच दो लड़कियां वहां से भा निकली। जबकि चार लड़कियों को आरोपियों ने पकड़ लिया और हातूदामी गांव ले गए। वहां एक घर में आरोपियों ने लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूछताछ के बाद लड़कियों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल से भागने में सफल रहने वाली दो लड़कियों ने पीड़िताओं के परिजन को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजन ने घटनास्थल पर पहुंचकर लड़कियों को छुड़ाया। जानकारी के अनुसार जिन बच्चियों से यह शर्मनाक घटना हुई है, उनमें सभी पांचवीं से लेकर आठवीं कक्षा तक की छात्राएं हैं। ये सभी पढ़ने में मेधावी और हॉकी की खिलाड़ी हैं।
पुलिस को बच्चियों ने एक आरोपित की पहचान बताई है। जिसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक छह लड़कों ने इन बच्चियों के साथ जबर्दस्ती की है। बता दें कि साल 2018 में भी खूंटी के कोचांग इलाके में नाटक मंडली की 5 लड़कियों से गैंगरेप की घटना हुई थी। इसमें सात लोगों को अभियुक्त बनाया गया था।