नई दिल्ली। फ्रांस में सरकार और कट्टरपंथी संगठनों के बीच जंग छिड़ी हुई है। अब फ्रांस से उठी ये चिंगारी दुनियाभार में फैल रही है। ज्यादातर इस्लामिक देशों में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। वहीं, अब इसकी आंच भारत के भी कई इलाकों में आ गयी है। गुरुवार को पीएम मोदी ने साफ कह दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में भारत फ्रांस के साथ खड़ा हुआ है। उन्होंने फ्रांस में हाल ही हुए हमलों की निंदा की है।
वहीं, मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति का विरोध करते हुए सड़कों पर उनकी तस्वीरें लगा दी गयी है। वाहन इनके ऊपर से गुजर रहे हैं। दूसरी तरफ भोपाल में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। बीजेपी ने इन प्रदर्शनों पर आपत्ति जाहिर की है और कहा है कि पीएम पहले ही साफ कर चुके हैं कि देश आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में फ्रांस के साथ है।
बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने मुंबई में सड़कों पर मैक्रों की तस्वीरों को चिपकाए जाने का विरोध करते हुए महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ”महाराष्ट्र सरकार, ये आपके सरकार के राज में क्या हो रहा है? भारत आज फ्रांस के साथ खड़ा है। जो जिहाद फ्रांस में हो रहा है, उस आतंकवाद के खिलाफ हिंदुस्तान के PM ने फ्रांस के साथ मिल कर लड़ने की प्रतिज्ञा की है।
फिर मुंबई की सड़कों पर फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष का अपमान क्यों?” दूसरी तरफ भोपाल में हुए विरोध प्रदर्शन पर कड़ा रुख अपनाते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ट्वीट किया, ”मध्य प्रदेश शांति का टापू है। इसकी शांति को भंग करने वालों से हम पूरी सख्ती से निपटेंगे। इस मामले में 188 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वो चाहे कोई भी हो।”