चंडीगढ़: पंजाब में कोरोना महामारी के बढ़ते कहर के चलते आज तीन और मरीजों की अमृतसर में माैत हो गई। इसके साथ ही राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या 54 तक पहुंंच गई है। अमृतसर में दो मरीजों की माैत तो सुबह ही हो गई थी। दोनों काफी दिनों से वेंटीलेटर पर थे। दोनों की पहचान अर्जुन कुमार तथा सतपाल शर्मा के रूप में की गई है। दोनों की उम्र लगभग 60 वर्ष थी और अमृतसर शहर के रहने वाले थे।
शाम को खबर आई कि कोरोना संक्रमण के कारण 8 माह के बच्चे की भी माैत हो गई। इस बच्चे को रविवार को गुरु नानक देव अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया था। इस दौरान जब उसका टेस्ट किया गया था तो वह पॉजीटिव पाया गया। इसी प्रकार जालंधर में आज 14 नए केस सामने आए हैं। इनमें 6 महिलाएं हैं।
जालंधर की न्यू अमरदास कालोनी में कुछ दिन पहले पकड़े गए जुए के हाईप्रोफाइल अड्डे से पकड़े गए 11 जुआरियों में से एक जुआरी कोरोना पॉजिटिव निकला है। इस मामले के सामने आने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। दरअसल कई अधिकारी जुआरियों से पूछताछ कर चुके हैं। अब देखना होगा कि कितने मुलाजिमों को सेहत विभाग क्वारेंटाइन करेगा। ये जुआरी प्रवीण महाजन अमृतसर का निवासी है। जुए के अड्डे पर की गई रेड को कई अफसरों ने अंजाम दिया था।
मौके से पकड़े गए हथियार भी पुलिस अफसर बिना ग्लव्ज छूते दिखाई दिए थे। ऐसे में अब अफसरों से लेकर मुलाजिमों तक को न सिर्फ कोरनटाइन होना पड़ सकता है बल्कि उनके टैस्ट भी लेने पड़ सकते हैं। हालांकि इन जुआरियो को गत दिवस माननीय अदालत ने बेल पर रिहा कर दिया था। इसके पश्चात जुआरी न जाने कितने लोगों के सम्पर्क में आया होगा। वहीं संगरूर में देरशाम तीन और पाजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है।