अहमदाबाद। गुजरात के राजकोट में शुक्रवार सुबह निजी कोविड अस्पताल में भीषण आग लग गयी। अस्पताल में आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गया। आनन फानन में वहां मौजूद मरीजों को बाहर निकाला गया। वहीं, इस भीषण अग्निकांड में जलकर पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि कई अन्य मरीज आग की चपेट में आने से झुलस गये। उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारण अभी पता नहीं चल सका है।
यह दर्दनाक घटना राजकोट के मावड़ी इलाके में स्थित शिवानंद अस्पताल के आईसीयू में हुई। कोविड अस्पताल होने की वजह से अस्पताल के आईसीयू में 11 मरीज भर्ती थे। इन्हें मिलाकर अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। कई मरीज आग की ऊंची लपटों में घिरकर झुलस गए। उन्हें घायल अवस्था में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। वहीं, इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। शुक्रवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘राजकोट के एक अस्पताल में आग लगने से जानमाल के नुकसान से बेहद दुखी हूं। मेरी सांत्वना उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रहा है।’